शहर के इस इलाके में नशे में धुत युवकों ने जमकर मचाया ताडंव, इतने लोगों पर मामला दर्ज
शहर के इस इलाके में नशे में धुत युवकों ने जमकर मचाया ताडंव, इतने लोगों पर मामला दर्ज
बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में एक युवक से मारपीट और हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को बुलाकर गली में तोडफ़ोड़ की और दहशत फैलाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुरलीधर व्यास कॉलोनी, नर्वदेश्वर महादेव मंदिर के सामने रहने वाले मनीष कुमार भाटी पुत्र ओमप्रकाश भाटी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर के बाहर बैठा हुआ था।
रिपोर्ट में बताया गया कि इसी दौरान एक व्यक्ति शराब के नशे में वहां आया और उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया, जिनके पास हथियार थे।
पीडि़त ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके सिर पर पोटास गन से कई वार किए, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां सिर पर छह टांके लगाए गए।
मनीष कुमार ने आरोप लगाया कि इसके बाद करीब 60-70 लोग कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से हमला करने का प्रयास किया। आरोपियों ने गली में खड़ी कई बाइकों को नुकसान पहुंचाया, दुकानों और घरों में तोडफ़ोड़ की तथा महिलाओं के साथ अभद्र टिप्पणियां भी कीं।
पीडि़त ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। उसने बताया कि आरोपी बाद में भी गली में आकर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। नयाशहर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई हंसराज को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ