रोही में आपसी रंजिश के चलते खेत में घुसकर युवक पर बोला जानलेवा हमला
रोही में आपसी रंजिश के चलते खेत में घुसकर युवक पर बोला जानलेवा हमला
पांचू। पांचू थाना क्षेत्र के जांगलू गांव की रोही में आपसी रंजिश के चलते खेत में घुसकर एक व्यक्ति पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीडि़त की पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जांगलू निवासी पूजा पत्नी राजाराम बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादिया ने बताया कि उसकी ढाणी गांव जांगलू की रोही में स्थित है। उसके खेत के पड़ोस में उसके देवर रामेश्वरलाल की ढाणी है। आरोप है कि रामेश्वरलाल के परिवार के सदस्य विष्णु, रामगोपाल, सुरेश, सुमन और शारदा देवी आए दिन उसके परिवार के साथ झगड़ा करते हैं तथा जान से मारने की धमकियां देते रहते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार 11 नवंबर की सुबह करीब सात बजे उसका पति राजाराम खेत में शौच के लिए गया हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने एकराय होकर हाथों में धारदार हथियार, झावट, चौसंगी और जई लेकर खेत में प्रवेश किया और राजाराम पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं तथा सिर से खून बहने लगा।
पीडि़ता ने बताया कि राजाराम के शोर मचाने पर उसके छोटे देवर अशोक और ससुर भीयाराम मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल को इलाज के लिए देशनोक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत होने पर पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर कर दिया गया। इलाज में व्यस्त रहने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई।
पुलिस ने पूजा की रिपोर्ट के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पप्पूलाल को सौंपी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ