बीकानेर: ‘नटवरलाल’ की तरह ठगी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, 20 लाख नकद और 4 लाख के जेवर हड़पने का आरोप
बीकानेर: ‘नटवरलाल’ की तरह ठगी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, 20 लाख नकद और 4 लाख के जेवर हड़पने का आरोप
बीकानेर। बीकानेर की जेएनवीसी थाना पुलिस ने लाखों रुपये की ठगी के मामले में करीब एक साल बाद आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर परिवादी का विश्वास जीतकर 20 लाख रुपये नकद और करीब 4 लाख रुपये मूल्य के आभूषण हड़पने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर देश के विभिन्न राज्यों में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल पुलिस मामले में पूछताछ और अनुसंधान कर रही है।
पहले जीता विश्वास, फिर 24 लाख रुपये की ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार, परिवादी नवीन कुमार चौहान ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 26 मार्च 2025 को रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी ने कथित तौर पर पूर्व नियोजित साजिश के तहत पहले उनका विश्वास जीता। इसके बाद परिवार के साथ आर्थिक धोखाधड़ी करते हुए 20 लाख रुपये नकद और करीब 4 लाख रुपये के आभूषण हड़प लिए।
रिपोर्ट के आधार पर जेएनवीसी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा सदर वृत्ताधिकारी आकांक्षा कुमारी के निर्देशन एवं सुपरविजन में थानाधिकारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाई और देशभर में आरोपियों के खिलाफ दर्ज समान प्रकृति की वारदातों के रिकॉर्ड खंगाले।
उत्तर प्रदेश की जेल में होने की मिली जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले में जेल में बंद हैं। इसके बाद अनुसंधान अधिकारी जयप्रकाश पुलिस जाब्ते के साथ सीतापुर पहुंचे। वहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बीकानेर के मामले में गिरफ्तार किया गया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ