बीकानेर में फिर बढ़ी गर्मी-उमस, 28 अगस्त तक 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
बीकानेर में फिर बढ़ी गर्मी-उमस, 28 अगस्त तक 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
बीकानेर। मानसून की बेरुखी के बीच बीकानेर में एक बार फिर गर्मी और उमस का असर बढ़ने लगा है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय हवा में नमी 70 प्रतिशत रही, जो शाम तक घटकर 46 प्रतिशत पर आ गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों में बीकानेरवासियों को गर्मी से खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि विभाग की ओर से किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी के संकेत हैं। 23 से 25 अगस्त के बीच अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद 26 से 28 अगस्त के दौरान पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
इधर, राजस्थान में मानसून के 50 दिनों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। 30 सितंबर तक सामान्य बारिश का आंकड़ा 424.71 मिमी माना जाता है, लेकिन मानसून सीजन का आधा समय बीतने के बाद अब तक प्रदेश में 278.44 मिमी बारिश ही दर्ज हुई है। यह सामान्य बारिश का करीब 65 प्रतिशत है। मौजूदा हालात को देखते हुए 30 सितंबर तक सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा होना मुश्किल नजर आ रहा है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश में भारी बारिश की संभावना भी नहीं जताई है। पिछले साल की तुलना करें तो 22 अगस्त तक 424.71 मिमी के सामान्य आंकड़े के मुकाबले 453 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो सामान्य से करीब 0.16 प्रतिशत अधिक थी। इस बार बारिश की कमी के बीच तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी और उमस का असर फिर से महसूस होने लगा है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ