स्वस्थ बेटियां, सशक्त समाज - बोथरा विद्यालय में महावीर इंटरनेशनल गंगाशहर के तत्वावधान में माहवारी स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार आयोजित
स्वस्थ बेटियां, सशक्त समाज - बोथरा विद्यालय में महावीर इंटरनेशनल गंगाशहर के तत्वावधान में माहवारी स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार आयोजित
गंगाशहर। महावीर इंटरनेशनल गंगाशहर के तत्वावधान में सेठ रावतमल बोथरा गर्ल्स विद्यालय में छात्राओं के लिए माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को माहवारी के दौरान होने वाले शारीरिक परिवर्तनों, स्वच्छता, उचित खान-पान एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मे मुख्य अतिथि एवं वक्ता डॉ. अर्पिता गुप्ता, नीति शर्मा का एवं शाला प्रधानाचार्य का संस्था के पदाधिकारियों द्वारा पताका पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. अर्पिता गुप्ता ने छात्राओं से संवाद करते हुए माहवारी से जुड़े विभिन्न विषयों को सरल एवं सहज भाषा में समझाया।* उन्होंने छात्राओं से विभिन्न प्रश्न पूछकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा माहवारी को लेकर समाज में प्रचलित भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि माहवारी एक स्वाभाविक शारीरिक प्रक्रिया है, जिसके बारे में सही जानकारी एवं खुलकर संवाद आवश्यक है।
डॉ. गुप्ता ने छात्राओं को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, पौष्टिक एवं आयरन युक्त आहार लेने, पर्याप्त पानी पीने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी असामान्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए तथा आवश्यकता होने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। वही नीति शर्मा ने महावारी के समय स्वस्थ रहने के लिए घरेलु नुस्खे बताये |
इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल के जोन चेयरमैन टोडर मल चोपड़ा, गंगाशहर केंद्र के मंत्री चंद्र कुमार रखेचा, कल्याण चोपड़ा एवं एडवोकेट कन्हैया लाल बोथरा सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महावीर इंटरनेशनल गंगाशहर की ओर से छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
कॉलेज की प्राचार्या अनीता जनागल एवं उपप्राचार्या वंदना खत्री ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए डॉ. अर्पिता गुप्ता, नीति शर्मा तथा महावीर इंटरनेशनल गंगाशहर के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सेमिनार के माध्यम से छात्राओं को माहवारी को लेकर जागरूक, आत्मविश्वासी एवं अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन एडवोकेट कन्हैया लाल बोथरा द्वारा किया गया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ