कार-बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक का हाथ कटकर अलग हुआ, बीकानेर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
कार-बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक का हाथ कटकर अलग हुआ, बीकानेर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
रावला-घड़साना मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चक 5 पीएसडी स्थित पेट्रोल पंप के पास कार और दो बाइकों के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत के कारण हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बाइक सवार का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया, वहीं दूसरा उछलकर दूर जा गिरा। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से बीकानेर रेफर किए गए एक युवक ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रावला-घड़साना रोड पर कार और दो बाइकों के बीच हुई यह भिड़ंत बेहद खौफनाक थी। टक्कर लगते ही एक बाइक सवार का हाथ कटकर मौके पर ही अलग हो गया, जबकि दूसरा बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क किनारे बनी एक नर्सरी में जा गिरा।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों ने तुरंत घायलों को संभाला और 108 एम्बुलेंस की मदद से रावला के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवारों को तुरंत बीकानेर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान चक 2 एपीडी निवासी गोविंद राम (24) पुत्र हेतराम ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे घायल बाइक सवार रूपेंद्र (26) पुत्र जरनैल सिंह (निवासी 6 जेएम) का बीकानेर में इलाज जारी है, उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसे में घायल कार चालक रामकुमार (निवासी 2 जीएम) का घड़साना के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ