बीकानेर: हार्डकोर अपराधी आवेश खान को इस जगह बने ऑफिस में दी थी शरण, मौजूद था ये हिस्ट्रीशीटर भी
बीकानेर: हार्डकोर अपराधी आवेश खान को इस जगह बने ऑफिस में दी थी शरण, मौजूद था ये हिस्ट्रीशीटर भी
बीकानेर। पुलिस की गिरफ्त में आए हार्डकोर अपराधी और कोटगेट पुलिस थाने के एचएस आवेश खान को छेनू उर्फ रवि चावला ने पवनपुरी में शरण दी थी। छेनू व्यास कॉलोनी पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर है। हथियार तस्कर और हिस्ट्रीशीटर अमीन भी उसके ठिकाने पर मौजूद था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही बच निकला और आवेश धरा गया। संगठित अपराधियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देने वाले हार्डकोर अपराधी आवेश खान को पुलिस ने 23 जून को गिरफ्तार किया था। आवेश को व्यास कॉलोनी पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर रवि चावला उर्फ छेनू ने पवनपुरी स्थित मेन शॉपिंग सेंटर में बने अपने ऑफिस में शरण दे रखी थी। डीएसटी और पुलिस को सूचना मिलने पर वहां दबिश दी और आवेश को गिरफ्त में लिया था। हथियार तस्कर और कोटगेट पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर अमीन भी वहां मौजूद था। लेकिन, उसे भनक लग गई और पुलिस के पहुंचने से कुछ देर पहले ही वहां से निकल गया।
आवेश और अमीन दोनों ही कोटगेट पुलिस थाने में नयाशहर पुलिस थाना एसएचओ कविता पूनिया की ओर से दर्ज कराए गए संगठित अपराधियों पर मुकदमे में नामजद हैं। कोटगेट थाना पुलिस ने रतनसिंह के बाद आवेश को इसी मुकदमे में गिरफ्तार किया है जो रिमांड पर चल रहा है। एचएस छेनू के ठिकाने पर आवेश और अमीन की मौजूदगी से पुलिस को अपराधियों के बड़े नेटवर्क का अंदेशा है। इस संबंध में आवेश से कड़ी पूछताछ की जा रही है। इस दौरान सामने आया है कि आवेश लोगों को ब्याज पर रुपए देता है और मारने की धमकी देकर कई गुना वसूलता है। वह एमडी का नशा करता है। कोटगेट पुलिस थाने के एसएचओ धीरेन्द्रसिंह शेखावत ने बताया कि आवेश से पूछताछ कर अपराध और उनसे जुड़े लोगों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। उसे 29 जून तक रिमांड पर लिया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ