सोलर प्लांट की आड़ में खेजड़ी सहित हरे पेड़ों की कटाई, पुलिस ने पिकअप और ट्रैक्टर पकड़ा
सोलर प्लांट की आड़ में खेजड़ी सहित हरे पेड़ों की कटाई, पुलिस ने पिकअप और ट्रैक्टर पकड़ा
श्रीडूंगरगढ़। थाना क्षेत्र के मोमासर गांव की रोही में सोलर प्लांट की आड़ में खेजड़ी सहित अन्य हरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पेड़ों से भरी एक पिकअप और कटाई में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों से लैस ट्रैक्टर जब्त किया है। पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव के निर्देशन में गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोमासर गांव की उत्तरादी रोही में सोलर प्लांट के नाम पर हरे पेड़ों की कटाई की जा रही है।
सूचना पर एएसआई देवाराम, हेड कांस्टेबल लेखराम, झूमरमल और कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कैलाश व महेश मौके पर पहुंचे। वहां रात के अंधेरे में एक खेत में खेजड़ी सहित अन्य हरे पेड़ काटे जा रहे थे। पुलिस दल को देखते ही पेड़ काट रहे लोग मौके से भाग गए।
पुलिस ने मौके से हरे पेड़ों से भरी पिकअप जब्त की। वहीं एक ट्रैक्टर भी पकड़ा गया, जिसमें पेड़ों की कटाई में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले।
इसके बाद पुलिस ने वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर पिकअप और अन्य सामान उनके सुपुर्द कर दिया। वन विभाग ने मामले में वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी माखनलाल शर्मा, सहायक वनपाल धनपत बाना और वन रक्षक गिरधारी मदेरणा व नरेंद्र सिंह ने आगे की कार्रवाई की। वन विभाग ने पिकअप चालक नंदकिशोर सारण निवासी बंधनाऊ, चूरू के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ