सोने की कंठी और 35 हजार रुपए गायब, CCTV में दीवार कूदकर घर में घुसता दिखा व्यक्ति
सोने की कंठी और 35 हजार रुपए गायब, CCTV में दीवार कूदकर घर में घुसता दिखा व्यक्ति
बीकानेर। नोखा कस्बे के मस्जिद चौक क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी पर घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ने और सोने की कंठी सहित 35 हजार रुपए नकद चोरी करने का आरोप लगाया है। परिवादी की रिपोर्ट पर नोखा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में गंगाराम जाट पुत्र डूंगरराम, निवासी सिंवरों की ढाणी, स्वरूपसर, तहसील नोखा और हाल निवासी मस्जिद चौक ने बताया कि 23 अक्टूबर को सुबह करीब 7 बजे वह अपनी पत्नी सुशीला देवी के साथ स्कूल चले गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे घर लौटने के बाद खाना खाकर आराम करने लगे।
परिवादी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे उठकर देखा तो कमरे का गेट उतरा हुआ था और अंदर रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखी सोने की कंठी और करीब 35 हजार रुपए नकद गायब मिले।
सीसीटीवी फुटेज में दीवार कूदकर घर में घुसता दिखा व्यक्ति
गंगाराम ने बताया कि घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। उनके अनुसार, फुटेज में एक व्यक्ति दीवार कूदकर घर में प्रवेश करता दिखाई दिया। परिवादी ने उस व्यक्ति की पहचान अपने पड़ोसी महावीर भादू पुत्र जगदीश जाट, निवासी मस्जिद चौक, नोखा के रूप में की है।
परिवादी ने पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। रिपोर्ट के आधार पर नोखा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई जगदीश को सौंपी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ