पीबीएम अस्पताल में हुआ फिर विवाद, नर्सिग स्टाफ के बाद अब मृतकों के परिजन बैठे धरने पर
पीबीएम अस्पताल में हुआ फिर विवाद, नर्सिग स्टाफ के बाद अब मृतकों के परिजन बैठे धरने पर
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में सडक़ हादसे के बाद उपचार को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है। नर्सिंग स्टाफ के विरोध के बीच अब सडक़ हादसे में जान गंवाने वाले दो लोगों के परिजन भी ट्रॉमा सेंटर के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। परिजनों ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक दोनों शव लेने से इनकार कर दिया है। धरने पर बैठे परिजनों का कहना है कि सडक़ हादसे के बाद दोनों घायलों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, लेकिन करीब दो घंटे तक उन्हें समुचित उपचार नहीं मिला। उनका आरोप है कि सुबह छह बजे से आठ बजे के बीच ट्रॉमा सेंटर में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। नर्सिंग स्टाफ द्वारा कई बार फोन किए जाने के बावजूद डॉक्टर करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने मौके पर आवश्यक इंजेक्शन लगाने के बजाय घायल के हाथ पर इंजेक्शन का नाम लिखकर बाहर से खरीदकर लाने के लिए कह दिया, जबकि वही इंजेक्शन ट्रॉमा सेंटर के स्टाफ के पास उपलब्ध था। उनका कहना है कि उपचार शुरू होने में हुई देरी और लापरवाही के कारण दोनों घायलों की जान चली गई।
मृतकों के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इलाज के लिए वे लगातार अस्पताल स्टाफ के सामने हाथ जोडक़र गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। इतना ही नहीं, उन्होंने ट्रॉमा सेंटर के कुछ कर्मचारियों पर बैड के नीचे छिपाकर रखी लाठियों से मारपीट करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
धरने पर बैठे परिजनों ने मांग की है कि ट्रॉमा सेंटर में कथित रूप से मारपीट करने वाले लोगों को तत्काल हटाया जाए और उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए। उनका कहना है कि जब तक पुलिस और प्रशासन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करता, तब तक वे दोनों शवों को नहीं लेंगे और अपना धरना जारी रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पहले से ही विवाद बना हुआ है। एक ओर नर्सिंग स्टाफ अपनी बात रख रहा है, वहीं अब मृतकों के परिजनों के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फिलहाल अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पीबीएम प्रशासन और पुलिस प्रशासन दोनों पक्षों से समझाईश कर रहा है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ