खाद-बीज दुकानों पर 1 दिसंबर तक लगाना होगा सूचना बैनर, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
अनुदानित उर्वरकों (यूरिया व डीएपी) की कालाबाजारी, अवैध डायवर्जन और जबरन टैगिंग रोकने के लिए कृषि विभाग की सख्ती शुरू
अब खाद-बीज दुकानों पर अनिवार्यत लगाना होगा सूचना बैनर
बीकानेर, 28 नवम्बर। अनुदानित उर्वरकों (यूरिया व डीएपी) की कालाबाजारी, अवैध डायवर्जन और जबरन टैगिंग रोकने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। कृषि आयुक्तालय के आयुक्त नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार अब जिले के प्रत्येक खाद-बीज विक्रेता को अपनी दुकान पर निर्धारित प्रारूप का 3×2 फीट आकार का सूचना बैनर लगाना अनिवार्य होगा।
संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार मदनलाल ने बताया कि विक्रेताओं को 1 दिसम्बर तक अनिवार्य रूप से इसकी पालना सुनिश्चित करनी होगी। बैनर पर संबंधित फर्म का नाम, लाइसेंस नंबर और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा।
उर्वरक निरीक्षक व सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत ने बताया कि बैनर पर यह चेतावनी भी लिखी होगी कि यूरिया व डीएपी जैसे अनुदानित उर्वरकों का गैर-कृषि उपयोग, कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक पर बेचना और उर्वरक की बिक्री के साथ अन्य उत्पाद की खरीद यानि जबरन बिक्री (टैगिंग) पूर्णतः प्रतिबंधित है। निरीक्षण के दौरान बैनर नहीं मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कालाबाजारी पर सात साल तक की सजा
उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत दंडनीय अपराध है। दोषी पाए जाने पर तीन माह से लेकर सात वर्ष तक के कारावास और जुर्माने का प्रावधान है। किसान निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक खरीदें। यदि कोई विक्रेता अधिक राशि वसूलता है या अन्य उत्पाद खरीदने का दबाव बनाता है, तो किसान
विभाग के टोल फ्री नंबर 18001801551 या ईमेल - [email protected]
राज्य स्तरीय हैल्पलाईन नं. 0141-2227637 या कृषि विभाग बीकानेर न. 0151-2230140 में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सम्बन्धित सहायक निदेशक कृषि कार्यालय बीकानेर, श्रीडूंगरगढ, नोखा, छत्तरगढ़, जिला विस्तार अधिकारी बज्जू सम्बन्धित सहायक कृषि अधिकारी या कृषि पर्यवेक्षक से सम्पर्क कर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ