राजस्थान के सूखा प्रभावित किसानों को मुआवजा, मिलेंगे 17 हजार रुपए
राजस्थान के सूखा प्रभावित किसानों को मुआवजा, मिलेंगे 17 हजार रुपए
एक किसान को अधिकतम 17 हजार रुपए मिलेंगे, फसल में 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान जरूरी; 15 जिलों की 92 तहसीलें सूखाग्रस्त घोषित।
जयपुर। राजस्थान में सूखे की मार झेल रहे किसानों को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 8,500 रुपए की मदद मिलेगी। एक किसान को अधिकतम 2 हेक्टेयर तक सहायता दी जाएगी। इस हिसाब से किसान को अधिकतम 17 हजार रुपए मुआवजा मिल सकेगा। यह सहायता उन किसानों को मिलेगी, जिनकी फसल में 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है। पात्र किसानों की सूची तहसीलदार पटवारियों के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में तैयार करवाएंगे। राज्य सरकार ने प्रदेश के 15 जिलों की 92 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित करते हुए 9,321 करोड़ रुपए का राहत पैकेज घोषित किया है।
फार्मर आईडी और ई-केवाईसी जरूरी
मुआवजा राशि प्राप्त करने के लिए किसानों के पास फार्मर आईडी और ई-केवाईसी होना जरूरी है। सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से जमा होगी। कृषि विभाग ने किसानों को अपने बैंक खातों को आधार और जन आधार से लिंक करवाने के निर्देश दिए हैं। जिन किसानों के बैंक खाते जन आधार से लिंक नहीं हैं, उन्हें इसकी जानकारी दी जा रही है, ताकि अनुदान भुगतान में परेशानी न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में पात्र किसानों की सूची अपलोड नहीं होने और पोर्टल बंद होने के बाद कोई किसान अनुदान से वंचित रहता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
केंद्र से 3,210 करोड़ रुपए की मांग
कृषि विभाग के अनुसार सूखे के कारण 41 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि पर फसलें खराब हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक किसानों, पशुपालकों और आमजन को राहत देने के लिए कुल 3,210 करोड़ रुपए की आवश्यकता होगी। मुख्यमंत्री केंद्र सरकार से नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फंड (NDRF) के तहत यह सहायता राशि जल्द जारी करने का अनुरोध करेंगे।
सूखे का आकलन करने राजस्थान आएगी केंद्रीय टीम
आपदा प्रबंधन, राहत एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार नवंबर के अंतिम सप्ताह तक सूखे की स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की टीम राजस्थान आएगी। यह टीम प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर किसानों को सहायता, तत्काल राहत उपायों और पुनर्वास को लेकर सिफारिशें करेगी। केंद्रीय टीम के दौरे से सूखा प्रभावित किसानों को केंद्र से सहायता मिलने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
किसान आयोग अध्यक्ष बोले- जल्द मिलेगा मुआवजा
राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने बताया कि फसलों के मुआवजे को लेकर गिरदावरी का काम तेजी से चल रहा है। एक महीने में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और फसल खराबे के अनुसार किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सूखा प्रभावित तहसीलों में चारा डिपो खोले जा रहे हैं। चारा शिविरों में निराश्रित पशुओं के लिए पानी और चारे की व्यवस्था की जाएगी। राज्य सरकार संबंधित एनजीओ और गौशालाओं के माध्यम से चारा शिविर संचालित करवाएगी।
पशुओं के लिए रोजाना मिलेगी सहायता
चारा और पानी की व्यवस्था के लिए छोटे पशुओं पर 60 रुपए तथा बड़े पशुओं पर 100 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे। जिन जिलों में आवश्यकता होगी, वहां जिला कलेक्टर स्थिति के अनुसार व्यवस्था तय करेंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ