पीबीएम में महिला की मौत पर परिजनों का धरना, लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग, देखे वीडियो
पीबीएम में महिला की मौत पर परिजनों का धरना, लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग, देखे वीडियो
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चरी के बाहर धरना देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय, मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग उठाई।
गौरतलब है कि बीते दिनों पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान छह महिलाओं की किडनी प्रभावित होने का मामला सामने आया था, जिसके बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी प्रकरण से जुड़ी एक महिला की कुछ दिन पहले मौत हो गई थी, जबकि दूसरी महिला शारदा ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया और मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया। धरने में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष भंवरलाल कूकणा ने कहा कि पीबीएम अस्पताल में लगातार अव्यवस्था और लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
धरने में मौजूद एनएसयूआई अध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस आमजन के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
परिजनों की मांग है कि मृतका के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। वहीं प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ