शराब के नशे में युवक ने होटल में मचाया जमकर हंगामा, संचालक ने दर्ज करवाया मामला
शराब के नशे में युवक ने होटल में मचाया जमकर हंगामा, संचालक ने दर्ज करवाया मामला
बीकानेर। कोटगेट थाना क्षेत्र में शराब के नशे में होटल पहुंचे एक व्यक्ति को खाना देने से मना करना होटल संचालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि व्यक्ति ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद 3-4 मोटरसाइकिलों पर 5-6 युवक मौके पर पहुंचे और होटल संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना में होटल संचालक के चोटें आईं।
परिवादी सुजीत कश्यप पुत्र रमेश कुमार कश्यप, उम्र 32 वर्ष, निवासी काली माई होटल, स्टेशन रोड, बीकानेर ने कोटगेट थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस के अनुसार परिवादी ने बताया कि वह सांखला फाटक के पास काली माई होटल चलाता है।
खाना देने से मना किया तो बुलाए साथी
रिपोर्ट के अनुसार 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:45 बजे एक व्यक्ति शराब के नशे में होटल पर आया था। होटल संचालक ने उसकी हालत को देखते हुए उसे खाना देने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर उक्त व्यक्ति ने फोन पर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।
कुछ देर बाद 3-4 मोटरसाइकिलों पर 5-6 लोग होटल पर पहुंचे। परिवादी के अनुसार उनके हाथों में डंडे और सरिए थे। आरोप है कि होटल पर पहुंचते ही युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
गल्ले से 4-5 हजार रुपए निकालने का आरोप
परिवादी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके गले से करीब 4 से 5 हजार रुपए निकाल लिए गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़ाया। घटना के बाद परिवादी ने कोटगेट थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी।
नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मनीष मीणा, अजय मीणा, गोविन्द सहित अन्य 4-5 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट में मारपीट, रास्ता रोकने, रुपए निकालने और समूह में हमला करने सहित आरोप लगाए गए हैं।
मामले की जांच एएसआई राधेश्याम को सौंपी गई है। पुलिस घटना के संबंध में उपलब्ध जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ