घरेलू गैस सिलेंडर फिर महंगा, आम आदमी की जेब पर बढ़ा बोझ
बीकानेर। महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें आज रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये का हो गया है।
पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इस तरह तीन महीने के भीतर घरेलू एलपीजी सिलेंडर कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है।
तेल कंपनियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा लागत बढ़ने और घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान के कारण कीमतों में वृद्धि करनी पड़ी है। इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को भी घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 50 रुपये का इजाफा किया गया था। वहीं 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी 31 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी।
तेल कंपनियों का दावा है कि वर्तमान में पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। इसके बावजूद पेट्रोल और डीजल लागत से कम कीमत पर बेचे जा रहे हैं। सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हुई पूरी बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है और इसका कुछ हिस्सा सरकारी तेल कंपनियां स्वयं वहन कर रही हैं।
लगातार बढ़ती गैस कीमतों से घरेलू बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ