बीकानेर: कचरा फेंकने पर विवाद, महिला का आरोप बाइक पैर पर चढ़ाई
बीकानेर: कचरा फेंकने पर विवाद, महिला का आरोप बाइक पैर पर चढ़ाई
बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में खेत में कचरा फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने बाइक पैर पर चढ़ाने, मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मेहराणा निवासी ने रिपोर्ट दी कि वह पिछले करीब 14 वर्षों से नौपाराम पुत्र कालूराम गोदारा निवासी नापासर थाना क्षेत्र के शेरेरा स्थित कृषि फार्म पर काश्तकारी का कार्य करती है और परिवार सहित वहीं रहती है। फार्म के पड़ोसी मोहनराम के खेत का काश्तकार रामलाल निवासी जालबसर, तहसील श्रीडूंगरगढ़ उसके खेत में कचरा आदि डालकर फसल को नुकसान पहुंचाता था।
रिपोर्ट के अनुसार दो सितंबर को इसी बात पर कहासुनी हुई। आरोप है कि रामलाल ने तेज रफ्तार बाइक उसके दाहिने पैर के ऊपर से निकाल दी, जिससे पैर में चोट आई, इसके बाद थप्पड़-मुक्के मारे। खिराजराम पुत्र मोहनराम व 1-2 अन्य के भी मारपीट के लिए आने का आरोप लगाया गया। शोर मचाने पर पति व बेटियां मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद आरोपी भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेडकांस्टेबल ईमीचन्द को सौंपी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ