शिक्षक हितों के मुद्दों पर मुखर हुआ शैक्षिक महासंघ, तृतीय श्रेणी स्थानांतरण व पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग
खुलासा न्यूज,बीकानेर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (राजस्थान) विद्यालय शिक्षा, जिला बीकानेर की जिला स्तरीय बैठक रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जेलवेल में प्रदेश सचिव एवं पालक रवि आचार्य के सानिध्य तथा जिलाध्यक्ष दानाराम भादू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन अतिरिक्त जिला मंत्री मोहम्मद फैसल ने किया।
बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों एवं शिक्षकों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कार्ययोजना तैयार की गई। गुरु वंदन कार्यक्रम की समीक्षा के साथ इसे संकुल स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित करने, पर्यावरण संरक्षण अभियान को गति देने तथा खंड स्तर पर साधारण सभाओं के सफल आयोजन की रणनीति तय की गई। साथ ही पालक कार्यकर्ताओं का मनोनयन कर आगामी सांगठनिक गतिविधियों की रूपरेखा भी निर्धारित की गई।
प्रदेश सचिव रवि आचार्य ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का आधार है। संगठन की मजबूती के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता को शिक्षक हितों और शैक्षिक गुणवत्ता के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
प्रदेश सचिव (महिला) चन्द्रकला ने महिला शिक्षिकाओं की संगठन में अधिक भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा और संगठन दोनों क्षेत्रों में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका समय की आवश्यकता है।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश बिश्नोई ने संगठन को विद्यालय स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया, जबकि मंडल संयुक्त मंत्री विनोद पुनिया ने खंड स्तरीय साधारण सभाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर बल दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाध्यक्ष दानाराम भादू ने कहा कि संगठन शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करता रहेगा।
बैठक में शिक्षकों के वेतन संरक्षण (पे-प्रोटेक्शन), ग्रीष्मावकाश अवधि के बकाया वेतन, तृतीय श्रेणी शिक्षकों, पुस्तकालय अध्यक्षों एवं प्रयोगशाला सहायकों के स्थानांतरण, पारस्परिक स्थानांतरण, लंबित पदोन्नतियों, हेड टीचर पदों के सृजन, शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नति, प्रशासनिक अधिकारियों की पदस्थापन नीति, शाला दर्पण सर्वर की गति, क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति, स्टाफिंग पैटर्न के अनुसार पद आवंटन तथा वेतन विसंगतियों सहित विभिन्न शिक्षक हितों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने इन सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग राज्य सरकार से की।
बैठक में प्रदेश सचिव (महिला) चन्द्रकला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश बिश्नोई, मंडल संयुक्त मंत्री विनोद पुनिया, जिला उपाध्यक्ष (महिला) मीरा वर्मा, महिला मंत्री बबीता वर्मा, जगदीश मंडा, श्रीराम खिलेरी, महेश छीपा, राजेन्द्र व्यास, विकास पंवार, बहादुर सिंह, महावीर धतरवाल, पूनमचंद गोदारा, मोहम्मद रमजान, अनिल सोनी, रमेश व्यास सहित जिले के विभिन्न खंडों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में अतिरिक्त जिला मंत्री मोहम्मद फैसल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ