इस पालिका में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और केन्द्रीय सुरक्षा की मांग
खुलासा न्यूज,बीकानेर। देशनोक नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर कानून-व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी देहात बीकानेर ने प्रशासन से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। जिला संगठन महासचिव एवं पार्टी निर्वाचन प्रतिनिधि प्रहलादसिंह मार्शल ने राज्य निर्वाचन आयुक्त एवं जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर देशनोक नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों को संवेदनशील मानते हुए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि चुनाव के दौरान विभिन्न वार्डों में आपसी विवाद, कहासुनी, मारपीट, तनाव एवं झगड़े जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रत्येक वार्ड में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती आवश्यक है।
प्रहलादसिंह मार्शल ने प्रशासन से मांग की कि देशनोक के सभी मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की पहले से समीक्षा की जाए और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल एवं विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने आवश्यकता वाले क्षेत्रों में केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती करने की भी मांग रखी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
पत्र में यह भी कहा गया कि मतदान के दौरान किसी प्रत्याशी, समर्थक या मतदाता पर किसी प्रकार का दबाव, धमकी या हिंसा न हो, इसके लिए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। विवाद या तनाव की स्थिति में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मार्शल ने मतदान से पूर्व तथा मतदान दिवस पर संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखने और मतदान केंद्रों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक मतदाता को बिना भय एवं दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अधिकार है और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि मतदाताओं तथा प्रत्याशियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम समय रहते उठाए जाएं, ताकि देशनोक में नगर पालिका चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ