हादसा: तेज आंधी में डूबा क्रूज, 9 की मौत, कई अब भी लापता
बरगी डैम। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बड़ा हादसा हो गया, जब पर्यटन विभाग का एक क्रूज तेज आंधी के चलते अचानक डूब गया। अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 24 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन के अनुसार अभी भी 9 से अधिक लोग लापता हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय क्रूज में करीब 40 से 45 पर्यटक सवार थे। यह दुर्घटना किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुई।
बरगी सिटी के सीएसपी अंजुल मिश्रा के अनुसार शुरुआती बचाव कार्य में SDRF ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेना और कई विशेष टीमें मौके पर तैनात की गई हैं। हैदराबाद से विशेष टीम और हेलिकॉप्टर रवाना किया गया है, जबकि कोलकाता से पैरामिलिट्री टीम भी जबलपुर पहुंच चुकी है। करीब 20 फीट गहरे पानी में डूबे क्रूज को हाइड्रोलिक मशीनों और पोकलेन की मदद से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
क्रूज पायलट महेश ने बताया कि सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे, लेकिन अचानक आए तेज तूफान ने सब कुछ पलट दिया। उनके अनुसार, “हालात इतने अचानक बिगड़े कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।” हादसे में खमरिया ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के कर्मचारी कामराज आर्य का परिवार भी शामिल था। उनके परिवार के 15 सदस्य घूमने गए थे। एक बेटे को बचा लिया गया, लेकिन कामराज, उनकी पत्नी और एक बेटा अभी भी लापता हैं।
इस बीच प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने कहा कि नर्मदा में पेट्रोल-डीजल बोट पर रोक है और उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी। फिलहाल प्रशासन, सेना और राहत एजेंसियां मिलकर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, ताकि लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ