मिनी सूरसागर की समस्या को लेकर पार्षदों का धरना, महज 3 मिनट में स्वीकृत हुई सीवरेज निर्माण की फाइल
मिनी सूरसागर की समस्या को लेकर पार्षदों का धरना, महज 3 मिनट में स्वीकृत हुई सीवरेज निर्माण की फाइल
बीकानेर। वल्लभ गार्डन स्थित चिराग होटल के पास आबादी क्षेत्र में सीवरेज के गंदे पानी के लंबे समय से जमा होने के कारण बने च्मिनी सूरसागरज् से स्थानीय निवासी भारी परेशानी का सामना कर रहे थे। क्षेत्र में गंदा पानी जमा रहने से आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा था तथा दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया था। स्थानीय निवासियों द्वारा बार-बार संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त था।
जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए आज पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया के नेतृत्व में पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित सहित अनेक पार्षद मौके पर पहुंचे और निगम प्रशासन की कार्यशैली के विरोध में सीवरेज पानी के कीचड़ में धरने पर बैठ गए। पार्षद भगवान सिंह मेड़तिया ने स्पष्ट किया कि आमजन को सीवरेज के गंदे पानी और बदबू के बीच रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता तथा समस्या का स्थायी समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धरने पर नगर निगम आयुक्त ने फोन पर वार्ता की। इसके पश्चात नगर निगम के एक्सईएन चिराग गोयल एवं जेईएन राजेश पुनिया मौके पर पहुंचे और पार्षदों एवं क्षेत्रवासियों से चर्चा की। वार्ता के दौरान सीवरेज निर्माण कार्य की फाइल को तत्काल आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
इस दौरान एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। दोपहर 1 बजकर 57 मिनट पर सीवरेज निर्माण की फाइल चली और महज 3 मिनट बाद 2 बजे फाइल को हाथोंहाथ स्वीकृति मिल गई। इस त्वरित कार्रवाई से धरने पर बैठे पार्षदों एवं क्षेत्रवासियों ने राहत की उम्मीद जताई।
पार्षदों ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और जनसमस्याओं को लेकर सभी पार्षद एकजुट होकर आवाज उठाएं तो प्रशासन को भी जनहित में त्वरित निर्णय लेने पड़ते हैं। यह धरना किसी व्यक्तिगत मांग के लिए नहीं, बल्कि आम नागरिकों को गंदगी और सीवरेज की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से दिया गया। पार्षदों ने उम्मीद जताई कि स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिलेगी।
धरने में पार्षद भगवती गौड़, पुनीत शर्मा, जेठाराम नायक, गजेंद्र सिंह भाटी, टीकमचंद पारवानी, विजय सिंह चौहान, विक्रम सिंह राठौड़, नेमीचंद तंवर, सुब्रत पांडे, सोमेश शर्मा, गरिमा तनेजा, संतोष शर्मा सहित अन्य पार्षद एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ