जंतर-मंतर की ओर आज फिर सीजेपी का कूच, तीनों नेता आज कोर्ट में होंगे पेश
जंतर-मंतर की ओर आज फिर सीजेपी का कूच, तीनों नेता आज कोर्ट में होंगे पेश
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने आंदोलन जारी रखने का एलान किया है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने रविवार सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। सीजेपी के संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने कहा कि उसके कार्यकर्ता रविवार सुबह 10 बजे फिर जंतर-मंतर की ओर कूच करेंगे। सीजेपी के तीन शीर्ष नेता अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका अब भी पुलिस हिरासत में हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीनों को दिल्ली कैंट थाने में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। तीनों को शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद हिरासत में लिया गया था।
दिल्ली में लगातार दूसरे दिन सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई है। राष्ट्रीय राजधानी में 30 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। खास तौर पर सीमावर्ती इलाकों, रेलवे स्टेशनों, मेट्रो परिसरों और बस टर्मिनलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस की मदद के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 120 से अधिक कंपनियां लगाई गई हैं। वहीं, नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटकर निगरानी की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। इसके अलावा, होटल, गेस्ट हाउस, लॉज और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों को इकट्ठा करने की संभावित कोशिशों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है।
दिल्ली में 250 ट्रेनें रद्द करने और 45 मेट्रो स्टेशन बंद रखने के मामले में सुप्रीम कोर्ट आज छुट्टी के दिन सुनवाई करेगा। गृह सचिव, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और डीएमआरसी चेयरपर्सन के खिलाफ अदालत के आदेश की अनदेखी को लेकर अवमानना कार्रवाई की मांग की गई है। कोर्ट ने शुक्रवार को मेट्रो और ट्रेन सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं करने का निर्देश दिया था।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ