निकाय चुनाव: बिछी चुनावी बिसात, वार्डों से टिकट का दावा ठोक रहे दावेदार...
खुलासा न्यूज,बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक बिसात पूरी तरह बिछ चुकी है। चुनावी बिगुल फूंकने से पहले ही स्थानीय स्तर पर राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। शहर के सभी वार्डों में चुनावी हलचल साफ देखी जा सकती है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों के कार्यकर्ताओं ने चुनावी मैदान में उतरने के लिए अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत करनी शुरू कर दी है।
गली-मोहल्लों से लेकर पार्टी कार्यालयों तक सिर्फ और सिर्फ टिकट वितरण और भावी प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं गर्म हैं।चुनाव की तारीखों के नजदीक आने के साथ ही नेताओं की सक्रियता भी काफी बढ़ गई है। पार्टी की ओर से टिकट किसे मिलेगा, यह तो आने वाला समय ही तय करेगा, लेकिन टिकट की रेस में खुद को आगे रखने के लिए कार्यकर्ताओं ने दिन-रात एक कर दिया है।
चाय से चर्चा तक...
शहर के विभिन्न वार्डों में सक्रिय कार्यकर्ता अब सीधे जनता के बीच पहुंच रहे हैं। मोहल्ला मीटिंगों, चाय की थडिय़ों और सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए वे आम जनता से संपर्क साध रहे हैं और खुद को सबसे मजबूत और जिताऊ उम्मीदवार के रूप में पेश कर रहे हैं।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बार भाजपा व कांग्रेस दलों सहित निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलाकर अब तक करीब 1500 से अधिक नेता अपनी दावेदारी ठोक चुके हैं। इतनी बड़ी संख्या में दावेदारों के सामने आने से दोनों ही प्रमुख दलों के शीर्ष नेतृत्व और स्थानीय आलाकमान के सामने टिकट वितरण को लेकर भारी धर्मसंकट खड़ा हो गया है। हर वार्ड से पांच से दस मजबूत दावेदार दावा कर रहे है।इस चुनावी खींचतान के बीच दोनों प्रमुख पार्टियों की रणनीतियां भी स्पष्ट होने लगी हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ