देर रात फायरिंग रेंज में बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, परिवारजनों में मचा हडक़ंप
देर रात फायरिंग रेंज में बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, परिवारजनों में मचा हडक़ंप
बीकानेर। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज क्षेत्र में फुलेजी के पास देर रात 13 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्चे की अचानक तबीयत बिगडऩे पर परिजन उसे महाजन के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार राजसियासर थाना क्षेत्र के मोकलसर निवासी अन्नाराम पुत्र मनफूलराम ने महाजन थाने में दिए परिवाद में बताया कि वह फील्ड फायरिंग रेंज क्षेत्र में फुलेजी के पास रेवड़ चराने का कार्य करता है। मंगलवार शाम उसका 13 वर्षीय पुत्र दिनेश सामान लेकर उसके पास पहुंचा था। देर हो जाने के कारण दिनेश रात को अपने पिता के पास ही रुक गया। परिवाद के अनुसार देर रात अचानक दिनेश की तबीयत बिगड़ गई।
इसके बाद अन्नाराम ने अपने साथी संतराम की मदद से बच्चे को महाजन अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है। मृतक के पिता ने महाजन थाने में परिवाद देकर मामले की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ