राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड:10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा में 10 साल बाद बदलाव, पढ़े ये खबर
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड:10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा में 10 साल बाद बदलाव, पढ़े ये खबर
बीकानेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए उत्तर पुस्तिकाओं के पैटर्न में बदलाव किया है। बोर्ड परीक्षाओं में अब विद्यार्थियों को पारंपरिक कापियों के स्थान पर 40 प्रश्नों की कैजिंग (कोडिंग) वाली नई मुख्य उत्तर पुस्तिकाएं दी जाएंगी। बोर्ड के मुख्य नियंत्रक (परीक्षा) द्वारा 6 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार यह नई व्यवस्था केवल सैद्धांतिक परीक्षाओं में लागू की जाएगी। बोर्ड ने इस संबंध में बीकानेर सहित राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) और परीक्षा केंद्रों को दिशा-निर्देश भिजवा दिए हैं।
बोर्ड के नए आदेश के अनुसार यदि कोई परीक्षार्थी मुख्य उत्तर पुस्तिका पूरी भरने के बाद अतिरिक्त उत्तर पुस्तिका की मांग करता है तो उसे केंद्र पर पहले से उपलब्ध 8 पृष्ठीय पुरानी अतिरिक्त उत्तर पुस्तिकाएं दी जा सकेंगी। यानी नई कोडिंग व्यवस्था केवल मुख्य उत्तर पुस्तिका के लिए ही प्रभावी रहेगी। जबकि एक्स्ट्रा कॉपियों में पुराना पैटर्न ही जारी रहेगा। बोर्ड ने यह सख्त निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर गत वर्षों की बची हुई मुख्य उत्तर पुस्तिकाएं (चाहे वे बार कोड सहित हों या बार कोड रहित) इस बार की बोर्ड परीक्षाओं में किसी भी परिस्थिति में काम में नहीं ली जाएंगी।
बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव को लेकर स्पष्ट किया है कि इस वर्ष प्राप्त नई 40-प्रश्नों वाली कॉपियों में से यदि कोई स्टॉक बच जाता है तो उसे बोर्ड मुख्यालय वापस नहीं भेजा जाएगा। केंद्र अधीक्षक इन्हें अगले वर्ष के उपयोग के लिए अपने स्टॉक रजिस्टर में दर्ज कर सुरक्षित रखेंगे। इसी प्रकार 8 पृष्ठीय बची हुई अतिरिक्त उत्तर पुस्तिकाओं को भी अगले साल के लिए सुरक्षित रखना होगा। माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, प्रवेशिका तथा वरिष्ठ उपाध्याय की नई उत्तर पुस्तिकाएं बोर्ड द्वारा पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित ट्रांसपोर्ट स्टेशनों पर भिजवाई जा रही हैं। बोर्ड प्रशासन ने सभी केंद्र अधीक्षकों को आदेश की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ