उधार लिए रुपए वापस नहीं लौटाये मांगने पर की मारपीट, न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
उधार लिए रुपए वापस नहीं लौटाये मांगने पर की मारपीट, न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
बीकानेर। पूगल थाना क्षेत्र में खेती के लिए उधार लिए गए 2.30 लाख रुपये वापस नहीं लौटाने और धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, खीरसर निवासी यूनुस खां पुत्र अलादिन ने न्यायालय में इस्तगासा पेश कर बताया कि वर्ष 2023 में उसके रिश्तेदार की जमीन पर खेती करने आए मोहम्मद हनीफ, उसके पिता मोहम्मद नईम और मोहम्मद अजरूदीन से परिचय हुआ। आरोप है कि तीनों ने खुद को स्थानीय निवासी और ठेके पर खेती करने वाला बताकर उसका विश्वास जीता।
परिवादी के अनुसार, आरोपियों ने खेती के लिए 2.50 लाख रुपये उधार मांगे। उसने रिश्तेदारों और परिजनों से व्यवस्था कर 2.30 लाख रुपये जुटाए। 29 मार्च 2025 को पूगल तहसील में स्टाम्प पर लिखित इकरारनामा तैयार किया गया, जिसमें 10 नवंबर 2025 तक पूरी राशि लौटाने की शर्त दर्ज की गई।
रिपोर्ट में आरोप है कि तय समय पर जब वह रुपये लेने पहुंचा तो आरोपी फसल बेचकर फरार हो चुके थे। बाद में जानकारी मिली कि उन्होंने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज बनवाकर स्थानीय निवासी होने का भरोसा दिलाया था। जब परिवादी उनके पास रुपये मांगने गया तो आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि वे लोगों से इसी तरह ठगी करते हैं।
परिवादी ने पहले पूगल थाने और बाद में पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पूगल थाना पुलिस ने मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद नईम और मोहम्मद अजरूदीन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई गंगाराम को सौंपी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ