फर्जी दस्तावेज तैयार कर करवाई रजिस्ट्री, महिला प्रधान ने दर्ज कराया मामला
फर्जी दस्तावेज तैयार कर करवाई रजिस्ट्री, महिला प्रधान ने दर्ज कराया मामला
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र के उदयरामसर रोही स्थित आसोपा आश्रम ट्रस्ट की कृषि भूमि को कथित रूप से हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री करवाने का मामला सामने आया है। ट्रस्ट की प्रधान ट्रस्टी उमिदा आसोपा पत्नी स्वर्गीय उमाशंकर आसोपा, उम्र 75 वर्ष की शिकायत पर गंगाशहर थाना पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।परिवादिया के अनुसार उदयरामसर रोही में आसोपा आश्रम ट्रस्ट के नाम से कृषि भूमि है, जिस पर ट्रस्ट द्वारा विभिन्न समाजसेवी गतिविधियों का संचालन किया जाता है। आरोप है कि इस बेशकीमती जमीन पर लंबे समय से भू-माफियाओं की नजर थी और जमीन को हड़पने के प्रयास किए जा रहे थे।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर ट्रस्ट की जमीन हड़पने के उद्देश्य से कूटरचित एवं फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिलीभगत कर भूमि के संबंध में कथित रूप से गलत घोषणा करते हुए दस्तावेज तैयार करवाए गए।परिवादिया ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ट्रस्ट की जमीन की रजिस्ट्री करवा दी गई, जबकि उक्त भूमि को लेकर मामला पहले से राजस्व मंडल अजमेर में अपील संख्या 5269/2013 एवं 5320/2013 के रूप में विचाराधीन है। शिकायत के अनुसार मामले में स्थगन आदेश भी प्रभावी हैं और भूमि ट्रस्ट के स्वामित्व में है।मामले में पुलिस ने अनूप जैन पुत्र सतीश जैन, नेहा जैन पत्नी अनूप जैन, यश पुगलिया पुत्र नरेश पुगलिया, धीरज पुगलिया पुत्र नरेश पुगलिया, विमल कुमार लालाणी पुत्र रामलाल लावाणी और मधागिरी पुत्र मूलगिरी सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से शामिल अन्य आरोपियों का भी नाम दर्ज किया गया है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस फर्जी दस्तावेजों, भूमि की रजिस्ट्री, कथित मिलीभगत और पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच
कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ