जारी है पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण, दो पेट्रोल पंप के खिलाफ प्रकरण दर्ज
खुलासा न्यूज,बीकानेर। उपभोक्ता मामले विभाग के विधिक माप विज्ञान प्रकोष्ठ की जयपुर से आई टीम ने गुरुवार को भी जिला मुख्यालय के पेट्रोल पंपों पर विशेष सघन निरीक्षण अभियान चलाया। विधिक माप विज्ञान अधिकारी देवकी नंदन ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 तथा राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम, 2011 के तहत जिले में गुरुवार को भी पेट्रोल पंपों के विरुद्ध व्यापक औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।
विधिक माप विज्ञान अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत गठित विभागीय जांच दल द्वारा जिले के कुल 5 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। औचक निरीक्षण के दौरान गढ़ गणेश पेट्रोलियम एचपीसीएल, जूनागढ़ के पीछे तथा विजय मोटर्स, जयपुर रोड पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर कुल 3000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
देवकी नंदन ने बताया कि श्री बालाजी पेट्रोलियम, गाढ़वाला, नित्यकरण फ्यूल्स, सेरूना तथा चौधरी बिल्डर एंड कंपनी, सेरूना निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए तथा उनके परिणाम संतोषजनक रहे। देवकीनंदन ने बताया कि आगामी दिनों में सम्पूर्ण राजस्थान में पेट्रोल पंपों की नियमित जांच जारी रहेगी तथा दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करना तथा आमजन को सही माप-तौल के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित कराना है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ