खुले बड़े नाले में गिरी कार, बड़ा हादसा टला,नाला ढकने और सफाई की मांग
खुले बड़े नाले में गिरी कार, बड़ा हादसा टला,नाला ढकने और सफाई की मांग
बीकानेर । शहर के वार्ड संख्या 25, 26 और 3 के बीच से गुजर रहा खुला बड़ा नाला आए दिन गंभीर दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर इस खुले नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्थानीय लोगों में प्रशासन की अनदेखी को लेकर भारी आक्रोश है।
प्रशासन को सौंपा जा चुका है ज्ञापन: इस समस्या को लेकर पवन सोनी और टीम अशोक छींपा के नेतृत्व में लगातार आवाज उठाई जा रही है। गुरुवार को ही प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अर्जुनराम मेघवाल, विधायक जेठानंद व्यास, महापौर अनिल कल्ला और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया था।
प्रमुख मांगें: पवन सोनी और टीम अशोक छींपा ने मांग की है कि पिछले दो साल से रुकी हुई नाले की सफाई तुरंत करवाई जाए। इसके साथ ही, नाले को ऊपर से पूरी तरह ढकवाया जाए और सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की जाए।
बेजुबानों और राहगीरों की सुरक्षा पर संकट: स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाला खुला होने और बैरिकेडिंग न होने के कारण आए दिन गोवंश, अन्य मवेशी और दोपहिया वाहन चालक इसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नाले की सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ