बस चालक के साथ मारपीट कर लोहे की रॉड से हमला करने और हाथ की हड्डी तोड़े
बस चालक के साथ मारपीट कर लोहे की रॉड से हमला करने और हाथ की हड्डी तोड़े
कोलायत। कोलायत क्षेत्र में एक बस चालक के साथ मारपीट कर लोहे की रॉड से हमला करने और हाथ की हड्डी तोडऩे का मामला सामने आया है। पीडि़त के पिता ने कोलायत थाने में परिवाद पेश कर श्रवण सिंह, राधेश्याम सहित अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिवाद के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार चक विजय सिंहपुरा निवासी भंवरलाल पुत्र काशीराम विश्नोई ने बताया कि उनका बेटा कोलायत-नोखा रूट पर बस चलाता है। परिवादी के अनुसार 4 नवंबर 2026 को उनके बेटे के पास श्रवण सिंह का फोन आया। उसने कोलायत आने और रुपये ले जाने की बात कही। इसके बाद श्रवण सिंह ने दोबारा फोन कर अपने बेटे को कोलायत बुलाया।
परिवाद में बताया गया कि उनका बेटा करीब सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच कोलायत पहुंचा, जहां श्रवण सिंह, राधेश्याम सहित एक-दो अन्य व्यक्ति बस लेकर खड़े थे। वहां दो बसें भी खड़ी थीं, जिनके नंबर आरजे 50 पीए 0697 और आरजे 50 पीए 1527 बताए गए हैं।
आरोप है कि बेटे के वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। श्रवण सिंह ने लोहे की रॉड से हमला किया तथा उसके हाथ पर वार कर हड्डी तोड़ दी। आरोपियों ने काफी देर तक मारपीट करने के बाद उसे वहीं छोड़ दिया और मौके से चले गए।
परिवाद के अनुसार मारपीट के दौरान बस चालक सुभाष वहां पहुंचा, जो पीडि़त को जानता था। उसने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका बेटा खून से लथपथ हालत में मिला। उसके हाथ में गंभीर चोट थी। उसे बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के बाद एक दिन तक इलाज चला। इसके बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां हाथ में रॉड डालकर ऑपरेशन किया गया। पीडि़त के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ