बड़ी खबर : राज्य स्तर से आई निरीक्षण टीम ने बीकानेर जि़ले के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, विभागों में मचा हडक़ंप, सैंकड़ों कर्मचारी मिले अनुपस्थित
बड़ी खबर : राज्य स्तर से आई निरीक्षण टीम ने बीकानेर जि़ले के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, विभागों में मचा हडक़ंप, सैंकड़ों कर्मचारी मिले अनुपस्थित
शिक्षा विभाग व पीडब्ल्यूडी कार्यालयों का लिया जायजा, कार्मिकों की मिली भारी अनुपस्थिति
शिक्षा विभाग में कई कार्यालय कक्ष बंद पाए गए, रजिस्टर नहीं किए जा सके जब्त
बीकानेर। राज्य सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय (निरीक्षण) विभाग द्वारा सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित राज्य स्तरीय दल द्वारा किया गया।
निरीक्षण दल में रामस्वरूप विश्नोई (सहायक शासन सचिव), महेंद्र कुमार सरावता (अनुभाग अधिकारी), प्रेम राम पड़ेला (सहायक अनुभाग अधिकारी), वीर सिंह, तरुण कुमार मीणा (लिपिक ग्रेड-द्वितीय) सहित अन्य कार्मिक शामिल रहे।
शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण दल ने निदेशालय, प्रारंभिक शिक्षा, निदेशालय माध्यमिक शिक्षा तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग (अतिरिक्त मुख्य अभियंता कार्यालय) में कार्मिकों की उपस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कई विभागों में बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
शर्मा ने बताया कि निदेशालय, प्रारंभिक शिक्षा में राजपत्रित वर्ग के 86 में से 58 (67.44 प्रतिशत) तथा अराजपत्रित वर्ग के 99 में से 67 (67.67 प्रतिशत) कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं, निदेशालय माध्यमिक शिक्षा में राजपत्रित वर्ग के 114 में से 20 (17.54 प्रतिशत) एवं अराजपत्रित वर्ग के 299 में से 61 (20.40 प्रतिशत) कार्मिक अनुपस्थित पाए गए।
इसी प्रकार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता कार्यालय में राजपत्रित वर्ग के 42 में से 22 (52.38 प्रतिशत) तथा अराजपत्रित वर्ग के 113 में से 53 (46.90 प्रतिशत) कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों एवं कक्षों पर ताले लगे हुए पाए गए, जिसके कारण उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन नहीं किया जा सका।
निदेशालय, प्रारंभिक शिक्षा में बंद पाए गए कक्ष/कार्यालय
1. निजी अनुभाग, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) - कक्ष संख्या 5
2. पुष्पा चौधरी, वरिष्ठ निजी सहायक - कक्ष संख्या 54
3. कैलाश आचार्य - कक्ष संख्या 54
4. कैशियर रूम
5. ललित कुमार व माणक लाल सुथार, विभागीय जांच अनुभाग
6. राजेंद्र कुमार व्यास व चम्पालाल सिंघल - कक्ष संख्या 35
निदेशालय, माध्यमिक शिक्षा में बंद पाए गए कक्ष/कार्यालय
1. डॉ. सोनिया शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी - कक्ष संख्या 108
2. संजय धवन, वित्तीय सलाहकार - कक्ष संख्या 118
3. ओम पारिक, लेखाधिकारी - कक्ष संख्या 119
4. सुभाष माथुर, सहायक निदेशक - कक्ष संख्या 105
शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कार्मिकों की अनुपस्थिति को दल ने गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रस्तुत की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ