बोर्ड एग्जाम से पहले स्कूलों में गेस्ट टीचर्स लगेंगे
सिर्फ स्वीकृत और खाली पदों पर होगी भर्ती
योजना के तहत सरकारी स्कूलों में विभिन्न सब्जेक्ट्स के टीचर्स के खाली पदों पर गेस्ट फैकल्टी लगाई जाएगी। इसके लिए उन्हीं पदों पर चयन होगा, जो स्कूल में स्वीकृत हैं और खाली हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की योग्यता राजस्थान शिक्षा (राज्य एवं अधीनस्थ) सेवा नियम-2021 में तय प्रावधानों के अनुसार होनी चाहिए।
अभ्यर्थियों की प्राथमिकता सूची तैयार करने के लिए शैक्षणिक योग्यता के अंकों का 75 प्रतिशत और व्यावसायिक योग्यता के अंकों का 25 प्रतिशत हिस्सा जोड़ा जाएगा। चयन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर इंटरव्यू नहीं होगा।
आदेश में रिटायर हो चुके कर्मचारियों को प्राथमिकता देने का भी प्रावधान है। रिटायर कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने पर समान अंक पाने वाले निजी अभ्यर्थियों में अधिक उम्र के अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी।
11वीं-12वीं के टीचर्स को अधिकतम 30 हजार रुपए मानदेय
गेस्ट फैकल्टी के रूप में कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों को प्रति घंटे 400 रुपए मानदेय दिया जाएगा। इसके लिए अधिकतम मासिक मानदेय 30 हजार रुपए तय किया गया है।
यह रहेगा आवेदन और चयन का कार्यक्रम
- 19 नवंबर: यूसीईईओ स्कूल स्तरीय चयन समिति का गठन होगा।
- 21 नवंबर: खाली पदों का विज्ञापन जारी होगा।
- 23 से 25 नवंबर: अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
- 26 नवंबर: मिले आवेदनों की सूची जारी होगी।
- 27 से 28 नवंबर: आवेदन पत्रों की जांच होगी। अस्थायी वरीयता सूची जारी कर आपत्तियां मांगी जाएंगी।
- 30 नवंबर: अंतिम वरीयता सूची जारी होगी।
- 1 दिसंबर: चयनित अभ्यर्थियों के आवेदन मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजे जाएंगे।
- 2 दिसंबर: मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आवेदन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजे जाएंगे।
- 3 दिसंबर: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आवेदन मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजे जाएंगे।
- 4 दिसंबर: जिला स्तरीय समिति चयन सूची को मंजूरी देगी। इसी दिन रात 11:59 बजे तक नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।
65 साल तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
आदेश के अनुसार 65 साल तक के रिटायर शिक्षक और निजी अभ्यर्थी तय योग्यता पूरी करने पर आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को सात दिन के भीतर अपनी सहमति देनी होगी। इसके बाद तय समय पर संबंधित स्कूल में कार्यभार संभालना होगा।
गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी। इससे किसी भी अभ्यर्थी को नियमित सरकारी सेवा में नियुक्ति का अधिकार नहीं मिलेगा।
ग्रामीण स्कूलों के लिए अभी जारी नहीं हुई समय-सारणी
माध्यमिक शिक्षा निदेशक लालित कुमार की ओर से जारी आदेश में साफ किया गया है कि फिलहाल यह कार्यक्रम नगरीय निकाय क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के लिए है। ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों को इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया है।
जारी समय-सारणी सांकेतिक है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी जरूरत के अनुसार इसमें बदलाव कर सकते हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ