पैर फिसलने से नहर मे गिरे युवक का शव मिला, तीन माह में एक ही परिवार में तीन जनों की अकाल मौत
पैर फिसलने से नहर मे गिरे युवक का शव मिला, तीन माह में एक ही परिवार में तीन जनों की अकाल मौत
महाजन। कस्बे से गुजरने वाली कंवरसेन लिफ्ट नहर में मंगलवार शाम पानी पीते समय पैर फिसलने से नहर में गिरे रामबाग निवासी सोहनलाल पुत्र साहबराम नायक का शव बुधवार सुबह बरामद हो गया। पुलिस ने शव नहर से बाहर निकलवाकर महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। जानकारी के अनुसार सोहनलाल मंगलवार शाम महाजन से अपने गांव रामबाग जाने के लिए रवाना हुआ था। गांव जाने के लिए वाहन नहीं मिलने पर वह पैदल ही गांव की ओर जा रहा था। राजमार्ग 62 पर शिव मंदिर के पास केवरसेन लिफ्ट नहर में पानी पीने के लिए उतरते समय उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही महाजन पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन तेज बहाव के कारण मंगलवार शाम तक सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह दोबारा तलाश शुरू करने पर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर सोहनलाल का शव मिल गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर मृतक के भाई इंद्राज नायक की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।तीन माह में एक परिवार में तीन अकाल मौत
जानकारी के अनुसार रामबाग निवासी इस परिवार पर तीन माह में तीन अकाल मौतों का दुख टूट पड़ा है। मंगलवार को सोहनलाल की नहर में डूबने से मौत हो गई। इससे करीब तीन माह पहले उसके बड़े भाई महेंद्र और भतीजे की लूणकरणसर के पास सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई थी। लगातार हुई इन मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हंसमुख और मिलनसार था मृतक
ग्रामीणों के अनुसार सोहनलाल हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसके नहर में गिरने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर किनारे पहुंच गए और तलाशी अभियान में सहयोग किया। बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना के बाद रामबाग गांव में शोक की लहर छा गई। युवक की मौत से परिवार सहित ग्रामीणों में गहरा दुख है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ