बीकानेर आगार की बस में बड़ा मामला: बस में 12 यात्री मिले बिना टिकट, परिचालक निलंबित
बीकानेर आगार की बस में बड़ा मामला: बस में 12 यात्री मिले बिना टिकट, परिचालक निलंबित
बीकानेर। राजस्थान रोडवेज में राजस्व चोरी रोकने के लिए चल रहे विशेष जांच अभियान के दौरान बीकानेर आगार की एक बस में बड़ा मामला सामने आया है। हनुमानगढ़ डिपो की फ्लाइंग टीम ने बीकानेर-हनुमानगढ़ मार्ग पर हरियासर गांव के पास बस की जांच की तो उसमें 12 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। आरोप है कि परिचालक ने यात्रियों से किराया तो वसूल लिया, लेकिन टिकट जारी नहीं किए। मामले को गंभीर मानते हुए रोडवेज प्रशासन ने परिचालक उम्मेद खां को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उसका मुख्यालय हनुमानगढ़ कर दिया है।
बीकानेर से रवाना हुई बस जब लूणकरणसर क्षेत्र के हरियासर गांव के पास पहुंची, तभी हनुमानगढ़ डिपो की फ्लाइंग टीम ने उसे रुकवाकर जांच की। जांच में 12 यात्रियों के पास टिकट नहीं मिले। बताया जा रहा है कि यात्रियों ने किराया देने की बात स्वीकार की, जबकि उनके पास टिकट उपलब्ध नहीं थे। पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई, क्योंकि रोडवेज मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रत्येक फ्लाइंग जांच की वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है। बीकानेर आगार की मुख्य प्रबंधक इंदिरा गोदारा ने बताया कि जांच रिपोर्ट में 12 यात्रियों के पास टिकट नहीं मिलने की पुष्टि हुई है। इसी आधार पर परिचालक को निलंबित करते हुए उसका मुख्यालय हनुमानगढ़ निर्धारित किया गया है।
विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि बीकानेर से हरियासर की दूरी करीब 87 किलोमीटर है और बस को वहां तक पहुंचने में लगभग पौने दो घंटे का समय लगता है। ऐसे में शुरुआती सफर में ही इतनी बड़ी अनियमितता सामने आने से रोडवेज अधिकारियों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के अनुसार संबंधित परिचालक लंबे समय से इसी मार्ग पर ड्यूटी कर रहा था। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहे हैं कि यदि समय-समय पर स्थानीय स्तर पर प्रभावी जांच होती रहती, तो संभवत: इस तरह की अनियमितता पहले ही सामने आ सकती थी। अब इस कार्रवाई के बाद अन्य परिचालकों में भी सतर्कता बढऩे की संभावना है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ