बीकानेर में हाईकोर्ट की सर्किट बेंच की मांग: बार एसोसिएशन ने न्यायाधिपति बंसल को सौंपा ज्ञापन, चैंबर्स व विशेष न्यायालयों के क्षेत्राधिकार विस्तार की भी मांग
बीकानेर में हाईकोर्ट की सर्किट बेंच की मांग: बार एसोसिएशन ने न्यायाधिपति बंसल को सौंपा ज्ञापन, चैंबर्स व विशेष न्यायालयों के क्षेत्राधिकार विस्तार की भी मांग
बीकानेर | 8 अगस्त
राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधिपति एवं बीकानेर न्यायालय के अभिभावक न्यायाधिपति सुदेश बंसल के बीकानेर आगमन पर शनिवार को बीकानेर बार एसोसिएशन की ओर से उनका स्वागत किया गया। सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायाधिपति बंसल का शॉल, साफा एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
इसके बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित एवं सभापति रामकृष्णदास गुप्ता ने न्यायाधिपति बंसल के माध्यम से राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बीकानेर संभाग में राजस्थान उच्च न्यायालय की सर्किट बेंच गठित करने सहित न्यायालय परिसर के विस्तार और अधिवक्ताओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।
4000 से अधिक अधिवक्ता, चैंबर्स की कमी का मुद्दा उठाया
बार एसोसिएशन ने ज्ञापन में बताया कि बीकानेर में अधिवक्ताओं की संख्या 4000 से अधिक हो चुकी है। इसके मुकाबले वर्तमान में उपलब्ध चैंबर्स पर्याप्त नहीं हैं। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं को कार्य करने के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ऐसे में न्यायालय परिसर में नवीन चैंबर्स के निर्माण की अनुमति देने की मांग की गई है।
विशेष न्यायालयों के क्षेत्राधिकार विस्तार की मांग
ज्ञापन में उपखंड स्तर पर विशेष न्यायालयों से संबंधित मामलों के विचारण का क्षेत्राधिकार मुख्यालय पर स्थित संबंधित विशेष न्यायालयों को देने की मांग भी की गई। बार एसोसिएशन का कहना है कि इससे मामलों के निस्तारण में सुविधा होगी और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
न्यायालय परिसर के विस्तार का मुद्दा भी उठाया
अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर के परिवर्द्धन एवं विस्तार का मुद्दा भी न्यायाधिपति के समक्ष रखा। बार एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि न्यायालय में बढ़ते न्यायिक कार्य और अधिवक्ताओं की संख्या को देखते हुए मौजूदा व्यवस्थाओं का विस्तार आवश्यक है।
इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था सहित न्यायालय परिसर से जुड़े अन्य विकास कार्यों को लेकर पूर्व में सार्वजनिक निर्माण विभाग की अध्यक्षता में हुई बैठकों में लिए गए निर्णयों की पालना करवाने की मांग भी ज्ञापन में की गई।
सर्किट बेंच की मांग को बताया महत्वपूर्ण
बीकानेर संभाग में राजस्थान उच्च न्यायालय की सर्किट बेंच गठित करने की मांग को बार एसोसिएशन ने प्रमुखता से उठाया। अधिवक्ताओं का कहना है कि इससे संभाग के लोगों को उच्च न्यायालय से संबंधित न्यायिक कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में न्यायिक सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
न्यायाधिपति ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान न्यायाधिपति सुदेश बंसल ने बार एसोसिएशन की ओर से रखी गई मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिवक्ताओं को अपने स्तर पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में बार सचिव हेमन्त सिंह चौहान, उपाध्यक्ष लेखराम घतरवाल, धर्मेन्द्र वर्मा सहित वरिष्ठ अधिवक्ता गणेश चौधरी, बच्छराज कोठारी, कर्ण सिंह तंवर, भागीरथ मान, रविकान्त वर्मा, कुलदीप शर्मा, सुरेन्द्र पाल शर्मा, मिलापचंद घतरवाल, भंवर बिश्नोई, हनुमान बिश्नोई, बजरंग छिंपा, मुखराम कूकणा, गणेश टाक, रामनिवास बिश्नोई, देवरंजन शर्मा, पवन व्यास, प्रशान्त तंवर, जितेन्द्र ढाल सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ