बीकानेर में आंधी और बारिश को लेकर आई ये खबर, विभाग ने जारी किए ये अलर्ट
बीकानेर में आंधी और बारिश को लेकर आई ये खबर, विभाग ने जारी किए ये अलर्ट
बीकानेर। पश्चिमी राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। बीकानेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश इलाकों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि उमस और गर्मी के बीच राहत की बात यह है कि एक कमजोर मौसमी सिस्टम सक्रिय हो रहा है जिसके प्रभाव से आगामी 14 और 15 जुलाई को बीकानेर सहित सीमावर्ती जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। बीकानेर में सुबह से ही तीखी धूप खिली रही जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सूरज के तीखे तेवरों के साथ हवा में मौजूद नमी ने आमजन को उमस से बेहाल कर दिया। बीते चौबीस घंटों में रात का न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक है। दिन में तेज धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम देखी गई। पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक एंटी-साइक्लोनिक दबाव और हवाओं के पैटर्न में बदलाव के चलते अगले 2 से 3 दिनों तक बीकानेर और जोधपुर संभाग में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने की प्रबल आशंका है। तेज हवाओं के चलते दृश्यता (विजिबिलिटी) प्रभावित हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों में कटी फसलों और सिंचाई प्रबंधन को हवा की गति के अनुसार ही तय करें।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, भले ही एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान हो, लेकिन 14 और 15 जुलाई को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक कमजोर सिस्टम सक्रिय होगा। इसके चलते। बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के जिलों में आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है। पूर्वी राजस्थान के भी अधिकांश हिस्सों में आगामी 5 से 6 दिनों तक मानसून की रफ्तार धीमी रहेगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि स्थानीय सिस्टम के चलते शेखावाटी क्षेत्र (सीकर, झुंझुनूं, चूरू), जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 13 से 15 जुलाई के दौरान हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ