बीकानेर: घर से दो बहनें लापता, जेवरात-नकदी व जरूरी दस्तावेज ले जाने का आरोप
बीकानेर: घर से दो बहनें लापता, जेवरात-नकदी व जरूरी दस्तावेज ले जाने का आरोप
लूणकरणसर। कस्बे के पिंक सिटी क्षेत्र में घर से दो बहनों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों बहनें घर से जाते समय जेवरात, नकदी और परिवार के जरूरी दस्तावेज भी साथ ले गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि उसके ससुर के निधन के कारण उसकी पत्नी पीहर गई हुई थी, जबकि वह मजदूरी के लिए बाहर गया था। घर पर उसकी दो बेटियां थीं, जबकि उसका पुत्र स्कूल गया हुआ था।
परिवादी के मुताबिक 3 अक्टूबर को करीब 11 बजे दोनों बेटियां बिना किसी को बताए घर से चली गईं। दोपहर में जब वह खाना खाने के लिए घर पहुंचा तो गेट खुला हुआ मिला और दोनों बेटियां घर पर नहीं थीं। घर से बाहर जाने के पैरों के निशान भी मिले।
रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों के साथ एक चांदी की पाजेब, एक सोने की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र और 5 हजार रुपए नकद ले जाने की बात सामने आई। इसके अलावा आधार कार्ड, बैंक डायरी, राशन कार्ड, जन आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज भी घर से गायब मिले।
घटना की जानकारी पत्नी को देने के बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने दोनों बहनों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर धारा 140(3), 137(2) बीएनएस 2023 एवं धारा 84 जेजे एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच एएसआई महेश कुमार को सौंपी है। पुलिस दोनों बहनों की तलाश के साथ ही उनके घर से जाने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ