बीकानेर: मतदान केंद्र के बाहर पुलिस टीम पर हमला, 3 नामजद समेत 7-8 अन्य के खिलाफ केस
बीकानेर: मतदान केंद्र के बाहर पुलिस टीम पर हमला, 3 नामजद समेत 7-8 अन्य के खिलाफ केस
बीकानेर। नगर निगम चुनाव-2026 के दौरान मतदान केंद्र के बाहर भीड़ हटाने गई पुलिस टीम पर कथित हमला करने और राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने तीन नामजद सहित सात-आठ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना बंगलानगर स्थित वार्ड संख्या 21 के मतदान केंद्र के बाहर की बताई गई है। मामले की जांच कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, चुनाव के दौरान मुक्ताप्रसाद थानाधिकारी विश्वजीत सिंह जाब्ते के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करवा रहे थे। इसी दौरान रामपुरा बस्ती के वार्ड संख्या 40 स्थित द्रोण पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र पर EVM में तकनीकी खराबी आने से कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ। मशीन ठीक होने के बाद मतदान दोबारा शुरू हो गया।
इसके बाद शाम करीब 4:20 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि वार्ड संख्या 21 के शिव बालक उच्च प्राथमिक विद्यालय, बंगलानगर स्थित मतदान केंद्र के बाहर 200 मीटर की प्रतिबंधित परिधि में बड़ी संख्या में लोग जमा हैं और टेबल लगाकर बैठे हुए हैं।
सूचना पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस का आरोप है कि कई बार समझाइश के बावजूद कुछ लोग वहां से हटने को तैयार नहीं हुए और हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों से उलझ गए। इसी दौरान दो-तीन लोग लाठियां लेकर आए और पुलिस जाब्ते पर हमला कर दिया। उनके साथ सात-आठ अन्य लोगों के भी झगड़े में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, हमले में उपनिरीक्षक ललित सिंह और कांस्टेबल विनोद कुमार घायल हुए। पुलिसकर्मियों ने लाठियां आगे कर अपना बचाव किया और मौके पर कानून व्यवस्था बहाल की।
पुलिस ने जिन तीन लोगों को नामजद किया है, उनकी पहचान महेन्द्र पुत्र मनोहरलाल राव, कालूराम पुत्र जगदीश राव और जयप्रकाश पुत्र जगदीश राव, सभी निवासी बंगलानगर के रूप में बताई गई है। इनके अलावा सात-आठ अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सविता डाल कर रही हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ