बीकानेर: दर्शन के लिए निकले प्रवासी दंपती की सड़क हादसे में मौत, 5 साल का बेटा घायल
बीकानेर: दर्शन के लिए निकले प्रवासी दंपती की सड़क हादसे में मौत, 5 साल का बेटा घायल
श्रीडूंगरगढ़। मुंबई से धार्मिक दर्शन के लिए निकले श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के एक प्रवासी दंपती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव देराजसर और ससुराल कालूबास में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार सुबह दोनों के शव गांव पहुंचने के बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार देराजसर निवासी रेवतराम (संतोष) सुथार पुत्र भागीरथ सुथार और उनकी पत्नी सरोज सुथार मुंबई के भायंदर में रहते थे। दोनों अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ स्कूटी से तुंगारेश्वर मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। उनके साथ कुछ अन्य साथी भी अलग-अलग दोपहिया वाहनों से यात्रा कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में नायगांव के पास हाईवे किनारे रेनकोट पहनने के दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सरोज सुथार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रेवतराम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे में उनका पांच वर्षीय बेटा भी घायल हुआ, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे के बाद मृतक दंपती के शव एम्बुलेंस से उनके पैतृक गांव देराजसर लाए गए। रविवार सुबह दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।
बताया जा रहा है कि रेवतराम और सरोज पिछले करीब 10-12 वर्षों से मुंबई में रहकर रोजगार कर रहे थे। धार्मिक दर्शन के लिए निकले दंपती की हादसे में मौत की खबर से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ