बीकानेर: बस में सवारियां बैठा रहे युवक से मारपीट, चार बदमाश 9,510 रुपये लूटकर फरार; जान से मारने की धमकी भी दी
बीकानेर: बस में सवारियां बैठा रहे युवक से मारपीट, चार बदमाश 9,510 रुपये लूटकर फरार; जान से मारने की धमकी भी दी
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट और मारपीट की वारदात सामने आई है। बस में सवारियां बैठा रहे एक युवक पर मोटरसाइकिल सवार चार युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट करने के बाद बस बुकिंग के 9,510 रुपये छीन लिए और जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार नोखा निवासी गणपत राम पुत्र सहीराम, उम्र 28 वर्ष ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवादी ने बताया कि वह 13 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे नोखा रोड स्थित रोड नंबर-5 पेट्रोल पंप के पास अपनी बस में सवारियां बैठा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। आते ही उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट करने लगे। आरोप है कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने बस बुकिंग से एकत्र 9,510 रुपये छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह भयभीत हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गंगाशहर थाना पुलिस ने अज्ञात चार युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मांगीलाल कर रहे हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ