बीकानेर उप जिला प्रमुख चुनाव आज, कांग्रेस से मदन चौहान तो भाजपा से मांगीलाल मैदान में
बीकानेर उप जिला प्रमुख चुनाव आज, कांग्रेस से मदन चौहान तो भाजपा से मांगीलाल मैदान में
सुबह 10 बजे शुरू हुई निर्वाचन प्रक्रिया, दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लेने का समय
बीकानेर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत आज उप जिला प्रमुख का निर्वाचन होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सुबह 10 बजे बैठक के बाद सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। कांग्रेस ने मदन चौहान को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा ने नोखा के रासीसर निवासी जिला परिषद सदस्य मांगीलाल को उम्मीदवार घोषित किया है। मदन चौहान लूणकरनसर क्षेत्र से हैं और पूर्व जिला प्रमुख पूर्णाराम चौहान के बेटे हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी मांगीलाल नोखा के रासीसर निवासी हैं।
भाजपा ने जिला प्रमुख चुनाव में वापस लिया था नाम
जिला परिषद की 41 सीटों में से भाजपा ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा ने प्रत्याशी का नामांकन वापस ले लिया था। पार्टी की ओर से धापू कंवर को प्रत्याशी बनाया गया था, लेकिन नाम वापसी के कारण वे चुनाव मैदान में नहीं रह सकीं। अब भाजपा ने रासीसर से जिला परिषद सदस्य मांगीलाल को उप जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मांगीलाल को सरिता चौहान गुट का समर्थन मिल सकता है। गौरतलब है कि जिला प्रमुख चुनाव के दौरान भाजपा ने सरिता चौहान को समर्थन दिया था।
कांग्रेस और भाजपा ने तय किए प्रत्याशी
उप जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस ने पूर्व प्रधान पूर्णाराम चौहान के बेटे मदन चौहान को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने मांगीलाल को अपना उम्मीदवार बनाया है। दोनों दलों की ओर से प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद चुनावी प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।
दोपहर 1 बजे तक वापस ले सकेंगे नाम
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11:30 बजे तक होगी। प्रत्याशी दोपहर 1 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची तैयार की जाएगी और चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ