बीकानेर: दस्तावेजों का दुरुपयोग कर महिला के नाम पर लिया लोन, गबन करने का आरोप
बीकानेर: दस्तावेजों का दुरुपयोग कर महिला के नाम पर लिया लोन, गबन करने का आरोप
बीकानेर। जिले में पहचान संबंधी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसके एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज अपने साथ ले गए। इसके बाद उसके नाम पर ऋण (लोन) स्वीकृत करवाकर पूरी राशि हड़प ली।
पुलिस के अनुसार जो गंगाशहर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता,मोहनी देवी ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी अनिल कुमार सैन और उसकी पत्नी सुमित्रा ने विश्वास में लेकर उसके महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों का उपयोग कर उसके नाम पर लोन स्वीकृत कराया गया। इतना ही नहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी अपने पास रख ली तथा वापस नहीं लौटाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, ऋण से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लोन किस प्रक्रिया से स्वीकृत हुआ और उसकी राशि किस खाते में ट्रांसफर की गई।
जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ