बीकानेर: 51 लाख की ATM कैश वैन लूट का इनामी आरोपी गिरफ्तार
10 हजार रुपए का था इनाम, वारदात के बाद से चल रहा था फरार; लूट के करीब 46 लाख रुपए पहले ही बरामद कर चुकी है पुलिस
पांचू। बीकानेर जिले के पांचू थाना क्षेत्र में हुई 51 लाख रुपए की एटीएम कैश वैन लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी अशोक जाट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नोखा क्षेत्र के दावा गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पिस्तौल की नोक पर लूटी थी 51 लाख की नकदी
जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त को पांचू थाना क्षेत्र में साधुना और सारुंडा गांव के बीच बदमाशों ने दिनदहाड़े एटीएम में नकदी भरने जा रही कैश वैन को निशाना बनाया था। आरोपियों ने पिस्तौल की नोक पर कैश वैन को रोककर करीब 51 लाख रुपए की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया था।
पांचू थानाधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई
पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपी की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने अशोक जाट को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
46 लाख रुपए पहले ही बरामद
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 46 लाख रुपए की लूटी गई नकदी बरामद कर ली गई थी। हालांकि, मामले में शामिल कुछ आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही लूट की वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका और बाकी रकम से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ