बड़ी खबर: नवरतन डागा ने महापौर चुनाव से नामांकन लिया वापस, अब कांग्रेस-बीजेपी में सीधा मुकाबला
बड़ी खबर: नवरतन डागा ने महापौर चुनाव से नामांकन लिया वापस, अब कांग्रेस-बीजेपी में सीधा मुकाबला
बीकानेर। महापौर चुनाव को लेकर बीकानेर नगर निगम की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस के पार्षद नवरतन डागा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल अपना नामांकन आज वापस ले लिया। इसके साथ ही महापौर चुनाव में अब कांग्रेस के अनिल कल्ला और बीजेपी के डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत के बीच सीधा मुकाबला रह गया है।
नवरतन डागा अपना नामांकन वापस लेने के लिए कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के साथ नगर निगम पहुंचे। नामांकन वापस लेने के बाद डागा ने कहा कि "मैं आजीवन कांग्रेस का रहूंगा।"
इससे पहले गुरुवार को नवरतन डागा का कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन जांच के दौरान खारिज हो गया था। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में बने रहने का फैसला किया था।
डोटासरा से मुलाकात के बाद बनी बात
नामांकन वापसी से पहले नवरतन डागा की कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात हुई थी। इसके बाद डागा के नामांकन वापस लेने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब नामांकन वापसी के बाद माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व और डागा के बीच बातचीत के बाद सहमति बनी।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने कहा कि पार्टी को पूरा विश्वास था कि नवरतन डागा अपना नामांकन वापस ले लेंगे। वहीं देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि उन्होंने पहले ही मीडिया के सामने कहा था कि डागा अपना पर्चा वापस ले लेंगे।
21 सितंबर को होगा महापौर चुनाव
बीकानेर नगर निगम में महापौर पद के लिए 21 सितंबर को मतदान होना है। कांग्रेस ने अनिल कल्ला को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है, जबकि बीजेपी की ओर से डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत मैदान में हैं। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट हो गई है।
बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में कांग्रेस ने 42 सीटें, बीजेपी ने 27 सीटें जीती हैं। इसके अलावा निर्दलीय और आरएलपी के पार्षद भी हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ