भारत विकास परिषद नगर इकाई बीकानेर ने आयोजित की राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता
खुलासा न्यूज,बीकानेर। भारत विकास परिषद नगर इकाई बीकानेर द्वारा आज राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों की भावना को प्रबल करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं प्रेरणा पुंज स्वामी विवेकानंद के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात प्रकल्प प्रभारी सुमन शर्मा के नेतृत्व में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया।
प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पूर्व प्रकल्प प्रभारी सुमन शर्मा ने उपस्थित प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के नियमों एवं प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रतियोगिता में 6 विद्यालयों ने भाग लिया। प्रत्येक विद्यालय की टीम द्वारा एक हिंदी एवं एक संस्कृत समूह गान प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता में माहेश्वरी पब्लिक स्कूल ने प्रथम, बी.के.वी. पब्लिक स्कूल ने द्वितीय तथा श्री नालंदा पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीताचार्य पुखराज शर्मा, सरोद वादक अमित गोस्वामी एवं उमेश मेहंदीरत्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अशोक शर्मा, स्टाफ ऑफिसर, कार्यालय निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में राष्ट्र भावना की लौ प्रज्वलित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सरकारी विद्यालयों में भी आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति से जुड़ सकें। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के विद्यार्थियों को शील्ड, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप सहभागिता मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विजेता टीम के विद्यालय को विजेता शील्ड भी प्रदान की गई ।
कार्यक्रम में संरक्षक सुभाष मित्तल, अध्यक्ष राजीव शर्मा, सचिव ओम प्रकाश छाबड़ा, कोषाध्यक्ष ब्रजेश शर्मा, प्रकल्प प्रभारी सुमन शर्मा, राजेन्द्र गर्ग, डॉ. वेद प्रकाश गोयल, प्रदीप सिंह चौहान, अनिल टुटेजा, मनोज वर्मा, एस.एन. शर्मा, सत्य नारायण शर्मा, देवेन्द्र सिंह भाटी, कुसुम गौड़, लक्ष्मी शर्मा सहित परिषद के अनेक सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन अनिल टुटेजा ने किया। भारत विकास परिषद नगर इकाई बीकानेर का यह आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं सामूहिकता की भावना को विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ