बड़ी खबर: ट्रेनिंग विमान क्रैश, पायलट और ट्रेनी की मौत
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को एक ट्रेनिंग विमान हादसे का शिकार हो गया। गंगा बैराज के पास हुए इस हादसे में विमान सवार पायलट और ट्रेनी की मौत हो गई। विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी और करीब 20 मिनट बाद 11:50 बजे क्रैश हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान हादसे के समय करीब 200 से 250 फीट की ऊंचाई पर था। अचानक विमान हवा में डगमगाया और कुछ ही देर बाद नीचे आ गिरा। जमीन पर गिरते ही विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया। विमान के पुर्जे आसपास के क्षेत्र में बिखर गए। राहत की बात रही कि हादसे के बाद विमान में आग नहीं लगी।
हादसे की सूचना मिलने के बाद करीब 12:15 बजे पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने विमान में सवार दोनों लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान पायलट सचिन भाटिया, निवासी गुजरात, और ट्रेनी अभिषेक पुजारी, निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई मल्टीपल इंजरी से होने की आशंका है।
पायलट को 3 हजार घंटे उड़ान का अनुभव
कानपुर कमिश्नर के अनुसार पायलट सचिन भाटिया को करीब 3 हजार घंटे उड़ान का अनुभव था। विमानन क्षेत्र में इतने लंबे उड़ान अनुभव को महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियां दुर्घटना की जांच कर रही हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ