श्रीकोलायत में अरुण चतुर्वेदी का गर्मजोशी से स्वागत, विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा
श्रीकोलायत में अरुण चतुर्वेदी का गर्मजोशी से स्वागत, विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा
श्रीकोलायत। राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष (राज्यमंत्री) अरुण चतुर्वेदी के श्रीकोलायत आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। पूर्व प्रधान एवं भाजपा नेता जयवीर सिंह भाटी के नेतृत्व में श्रीकोलायत कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
स्वागत समारोह के दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों, स्थानीय निकायों की वित्तीय व्यवस्थाओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। वित्त आयोग के माध्यम से विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर आमजन तक सुविधाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने एवं सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी उनके समक्ष रखा। पेयजल व्यवस्था, सड़क सुधार, सफाई व्यवस्था एवं विकास कार्यों को लेकर चर्चा करते हुए क्षेत्रवासियों ने शीघ्र समाधान की मांग की। चतुर्वेदी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने एवं समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता प्रभात सिंह भाटी, प्रशासक मनोहर सिंह भाटी, ब्राह्मण सभा अध्यक्ष नेम पंचारिया, पूर्व पार्षद भंवर लाल उपाध्याय, सुजान सिंह सोडा, भाजपा नेता मंगेज सिंह भाटी, व्यापार मंडल तहसील अध्यक्ष गणेशमल पंचारिया, राजूराम महार, नरसी पंचारिया, हनुमान उपाध्याय एवं कोजूराम सुथार सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
प्रोटोकॉल के तहत उपखंड अधिकारी राजेश नायक एवं तहसीलदार पूनम कंवर भी साथ रहे तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार अरुण चतुर्वेदी 13 मई को बीकानेर में आयोजित वित्त आयोग की बैठक में भाग लेंगे। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं, स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद उनका जयपुर रवाना होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ