टाउन हाल के किराए बढ़ोतरी को लेकर कलाकारों का प्रदर्शन, नाटक सहित सांस्कृतिक गतिविधियां ठप्प
खुलासा न्यूज,बीकानेर। कलाओं के प्रदर्शन को लेकर बीकानेर के एक मात्र मंच टाउन हॉल में किराए वृद्धि को वापिस लेने की माँग को पिछले पाँच माह से आंदोलन कर रहे रंगकर्मियों, साहित्यकारों, संगीतकार सहित अन्य विधाओं से जुड़े कलाकारों ने आज गांधी पार्क में प्रदर्शन कर अपना रोष ज़ाहिर किया । आंदोलन कर रहे रंगमंच बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अभिषेक आचार्य ने कहा कि सांसद, विधायक, जि़ला कलेक्टर, बीकानेर विकास प्राधिकरण के आश्वासन के बाद भी किराए में बढ़ोत्तरी अभी तक वापिस नहीं ली गई है जिससे कलाकारों में प्रशासन को लेकर काफी आक्रोश है ।
वरिष्ठ रंगकर्मी विजय सिंह राठौड़ ने कहा कि किराए में बेतहाशा बढ़ोत्तरी के कारण टाउन हाल में नाटक सहित अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां थम सी गई है तथा पूरी तरह से अव्यवसायिक रूप से अपनी कलाओं का प्रदर्शन कर रही संस्थाएं बंद होने के कागार पर पहुंच गई है । वरिष्ठ रंगकर्मी दयानंद शर्मा ने बताया कि पूरे उत्तर भारत की नाट्य राजधानी के रूप में विख्यात बीकानेर में इस बढ़े हुवे किराए के कारण अनेक नाट्य मंचन रुके हुवे हैं । वरिष्ठ रंगकर्मी रमेश शर्मा ने बताया कि बीकानेर के कलाकार नाटकों सहित अन्य कार्यक्रम के लिए धन सहित अन्य संसाधनों का प्रबंध परस्पर सहयोग से करते आए हैं ऐसे में बढ़े हुवे किराए ने कलाकारों के समक्ष एक बड़ा संकट खड़ा कर दिया है । वरिष्ठ रंगकर्मी दिलीप सिंह भाटी ने कहा कि देश भर को विख्यात कलाकार देने वाले बीकानेर में नाटकों का मंचन रूक जाना युवा कलाकारों सहित पूरे प्रदेश के सांस्कृतिक परिदृश्य पर एक बड़ा संकट है ।
अशोक जोशी, आभा शंकर ,संगीता भटनागर, मीनू गौड ने कहा कि प्रशासन को तत्काल किराए बृद्धि को वापस लेने, दो पारियों की व्यवस्था को समाप्त करना चाहिए । प्रदर्शन में विजय शर्मा, बुलाकी भोजक, पूनम चौधरी, मयंक सोनी , मुकेश सेवग, सुरेश आचार्य, रोहित बोड़ा, उत्तम सिंह, सुरेंद्र स्वामी, आमिर हुसैन, अनिल बांधड़ा, विकास शर्मा, मुकेश सेवग, विनोद पारीक, दीपांकर चौधरी, राहुल चावला, जय खत्री , रोहित वाल्मीकि , नवेद भाटी सहित बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित थे । मांगे न माने जाने की स्थिति में आंदोलन को तेज करने पर विचार किया गया ।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ