राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में एक और बड़ा खुलासा, पाकिस्तान से आरडीएक्स आने से पहले ही रची गई थी साजिश
राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में एक और बड़ा खुलासा, पाकिस्तान से आरडीएक्स आने से पहले ही रची गई थी साजिश
श्रीगंगानगर। सीमावर्ती श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट और ड्रोन के जरिए आरडीएक्स व विदेशी हथियारों की खेप पहुंचाने के मामलों के बीच एक अहम खुलासा हुआ है। रेलवे ट्रैक को उड़ाने की साजिश आरडीएक्स की खेप बरामद होने से पहले ही तैयार कर ली गई थी। एटीएस के एडीजीपी दिनेश एमएन ने करीब एक माह की जांच के बाद इस घटनाक्रम से जुड़े अहम तथ्य सामने रखे हैं। जांच एजेंसियां अब दोनों मामलों के पीछे सक्रिय सीमा पार के नेटवर्क और स्थानीय मददगारों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
रावला क्षेत्र में ड्रोन के जरिए गिराए गए तीन पैकेटों से साढ़े सात किलो आरडीएक्स और विदेशी हथियारों की बरामदगी के मामले में जांच का दायरा पंजाब तक पहुंच गया है। इस मामले के कथित मास्टरमाइंड पंजाब के फिरोजपुर जिले के अलीके निवासी कुलवंत सिंह उर्फ सुक्खा से राजस्थान एटीएस पूछताछ करेगी। आरोपी को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
एटीएस के एडीजीपी दिनेश एमएन के अनुसार, कुलवंत उर्फ सुक्खा के पाकिस्तान में बैठे हैंडलर उमर चाचा और शहजाद भट्टी से कथित संपर्क सामने आए हैं। जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास करेंगी कि रावला क्षेत्र में आरडीएक्स और विदेशी हथियारों की खेप पहुंचाने में उसकी क्या भूमिका थी तथा सीमा पार से संचालित नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे।
खेत में ड्रोन से गिराए थे तीन पैकेट
मामला 12 अक्टूबर की रात का है। रावला क्षेत्र की 12 केएनडी ग्राम पंचायत के चक 4 केएनएम स्थित एक खेत में ड्रोन के जरिए तीन पैकेट गिराए गए थे। इन पैकेटों से करीब साढ़े सात किलो आरडीएक्स और विदेशी हथियार बरामद हुए थे। इसके बाद एएनटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बरामदगी की थी। इस घटनाक्रम के बाद सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार से संचालित हथियार और विस्फोटक तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुट गई थीं। अब रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की साजिश और आरडीएक्स खेप के मामले के बीच सामने आए समयक्रम को देखते हुए जांच एजेंसियां इनके संभावित आपसी संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं।
एटीएस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की योजना आरडीएक्स खेप की बरामदगी से पहले तैयार होने का खुलासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच एजेंसियों के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही नेटवर्क सक्रिय था या अलग-अलग मॉड्यूल काम कर रहे थे। हालांकि एटीएस के दिनेश एमएन ने इस पहलू को साफ करते हुए बताया कि रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की पटकथा पहले लिखी जा चुकी थी जबकि आरडीएक्स की खेप 12 अक्टूबर को पाक ड्रोन से आई थी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ