होटल से पकड़ी गईं तीन थाई महिलाएं, मसाज की आड़ में चल रहा था अवैध खेल
होटल से पकड़ी गईं तीन थाई महिलाएं, मसाज की आड़ में चल रहा था अवैध खेल
उदयपुर। शहर में विदेशी महिलाओं के अवैध रूप से रहने का मामला सामने आया है। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के एक होटल में पुलिस और सीआईडी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए थाईलैंड मूल की तीन महिलाओं को डिटेन किया है। जांच में सामने आया कि तीनों महिलाओं के पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वे उदयपुर में रह रही थीं। होटल में मसाज और स्पा के काम की आड़ में उनकी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापा मारा। अब तीनों महिलाओं को भारत से डिपोर्ट करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मुकुल शर्मा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (विदेशी पंजीयन अधिकारी) डॉ. विक्रम सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
सीआईडी की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट को गोवर्धन विलास क्षेत्र के एक होटल में विदेशी महिलाओं के अवैध रूप से ठहरने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सीआईडी और गोवर्धन विलास थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान तीनों थाई महिलाओं के होटल में ठहरने की पुष्टि हुई। पुलिस ने होटल संचालक से पूछताछ की तो उसने महिलाओं से स्पा का काम करवाने की बात स्वीकार की। इसके बाद होटल के रिकॉर्ड की जांच की गई। विजिटर रजिस्टर में तीनों विदेशी महिलाओं के ठहरने की कोई एंट्री नहीं मिली। इससे होटल में विदेशी नागरिकों के ठहराव से जुड़े नियमों के पालन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ