ईरान जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट में गुजरात का मालवाहक जहाज डूबा, सभी 14 क्रू मेंबर्स सुरक्षित
ईरान जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट में गुजरात का मालवाहक जहाज डूबा, सभी 14 क्रू मेंबर्स सुरक्षित
ईरान और पश्चिमी देशों के बीच जारी तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट में गुजरात का एक और मालवाहक जहाज हादसे का शिकार हो गया। ‘हाजी अली’ नाम का जहाज 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी उससे किसी ड्रोन या मिसाइल जैसे हथियार के टकराने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद जहाज में आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि ओमान कोस्टगार्ड ने समय रहते सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया।
जहाज के मालिक सुलतान अहमद अंसार ने बताया कि MSV हाजी अली जहाज बेरबेरा पोर्ट से शारजाह जा रहा था। सुबह करीब 3:30 बजे ओमान के समुद्री तट के पास यह हादसा हुआ। क्रू मेंबर्स के अनुसार जहाज से किसी विस्फोटक वस्तु के टकराने जैसी तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग लग गई।
हालात बिगड़ने पर सभी क्रू मेंबर्स ने लाइफ बोट के जरिए जहाज छोड़ दिया। बाद में ओमान कोस्टगार्ड ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इससे पहले भी हुआ था हमला
इससे पहले 7 मई को होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे गुजरात के द्वारका के एक अन्य मालवाहक जहाज MSV AL फैज नूरे सुलेमानी-I के भी अमेरिका और ईरान की नौसेनाओं के बीच हुई फायरिंग की चपेट में आने की खबर सामने आई थी।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
1. तेहरान में 80% इलाकों की मरम्मत पूरी
तेहरान में युद्ध प्रभावित करीब 80 प्रतिशत इलाकों की मरम्मत पूरी होने का दावा ईरानी सरकारी मीडिया ने किया है। रिपोर्ट के अनुसार युद्ध में 60 हजार से अधिक रिहायशी इमारतें प्रभावित हुई थीं।
2. यूरोप में जेट फ्यूल की भारी कमी
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के अनुसार होर्मुज संकट के चलते यूरोप में जेट फ्यूल की सप्लाई तेजी से घटी है। मार्च में जहां रोजाना 3.3 लाख बैरल जेट फ्यूल मिल रहा था, वहीं अप्रैल में यह घटकर 60 हजार बैरल रह गया।
3. लेबनान में मौतों का आंकड़ा बढ़ा
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इजराइली हमलों में अब तक 2,896 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 200 से अधिक बच्चे शामिल बताए गए हैं।
4. अमेरिका ने IRGC नेटवर्क पर रखा इनाम
अमेरिकी विदेश विभाग ने ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के फंडिंग नेटवर्क की जानकारी देने वालों के लिए 15 मिलियन डॉलर इनाम की घोषणा की है।
5. सऊदी अरब पर गुप्त हमलों का दावा
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया है कि मार्च में सऊदी अरब ने ईरान पर जवाबी गुप्त हमले किए थे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ